पंजाब प्रांत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत कार्यवाह श्री देवेंद्र गुप्ता जी का देहात

अन्य

प्रतिनिधी:संजय कालिया जालंधर (पंजाब)

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पंजाब प्रांत के पूर्व प्रांत कार्यवाह श्री देवेंद्र गुप्ता का आज प्रात: पांच बजे जालंधर में देहांत हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और जालंधर के एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। 21 सितम्बर 1936 को पश्चिमी पंजाब, जो अब पाकिस्तान में है, में जन्मे , लगभग 88 वर्षीय देवेंद्र गुप्ता जी प्रचारक के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में जालंधर संघ कार्यालय में संन्यास आश्रम का निर्वहन कर रहे थे।उनका परिवार पाकिस्तान से आकर कादियां में बसा था। कादियां में पढ़ाई के दौरान इन्होंने मैट्रिक की परीक्षा में मैरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त किया था। इनकी प्रतिभा को देख कर संघ के कार्यकर्ताओं ने इनको संगठन से जोड़ा और वे जल्द ही संघ की गतिविधियों में सक्रिय हो गए। वह कबड्डी के बहुत अच्छे खिलाड़ी थे। संघ कार्यों में आपकी रुचि इतनी बढ़ी कि वह साइकिल पर सवार हो कर आसपास व दूरदराज के गांवों में शाखाएं लगाने जाते थे। कादियां के सिख नैशनल कालेज में ग्रेजुऐशन करने के बाद वह बीएड करने के लिए जालंधर आए। यहीं वह संघ के प्रचारक बने। प्रचारक के तौर पर उन्होंने कांगड़ा, बठिण्डा, बटाला, अमृतसर सहित कई स्थानों पर संघ का काम किया। प्रचारक जीवन के पश्चात उन्होंने कई स्थानों पर अध्यापन का कार्य किया। जिला गुरदासपुर के सठियाला में वे निजी कालेज में अध्यापक रहे। इसके बाद एबी कालेज पठानकोट के वह कई वर्षों तक प्रधानाचार्य रहे। इस दौरान वह संघ के कार्यों में भी लगे रहे। वे जिला कार्यवाह, विभाग कार्यवाह और बाद में पंजाब प्रांत के कार्यवाह रहे। वे इस पद पर लगभग 25 सालों तक रहे। स्वास्थ्य कारणों के चलते कुछ वर्ष पूर्व वह जालंधर के संघ कार्यालय में निवास कर रहे थे। संघ की कार्यपद्धति को लेकर इनके मन में इतनी प्रतिबद्धता थी कि अत्यंत वृद्ध अवस्था में भी वह सुबह जल्दी उठते, एकात्मतास्तोत्र का पाठ करते और शाखा में जाते थे। वे अपने जूठे बर्तन किसी को भी साफ करने नहीं देते थे। इनके नेतृत्व में पंजाब में संघ का कार्य काफी फला फूला। प्रांत भर में इनका स्वयंसेवकों से सीधा संपर्क रहता था और उनके परिवारों से भी अभिभावकों जैसा संबंध रहा। उनका आदर्श जीवन हम सबको प्रेरणा देता रहेगा।

CLICK TO SHARE