गणपति विसर्जन से पहले शराब का जखीरा जब्त

Wed 23-Sep-2026,02:54 AM IST -07:00
Beach Activities

गणपति विसर्जन से पहले शराब का जखीरा जब्त

नागपुर से वर्धा लाई जा रही 1.20 लाख की अवैध शराब-बीयर बरामद, तीन गिरफ्तार

वर्धा | प्रतिनिधि : युसूफ पठाण

वर्धा वर्धा,गणपति विसर्जन के अवसर पर बिक्री के लिए नागपुर से वर्धा लाई जा रही अवैध विदेशी शराब और बीयर के जखीरे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 

उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। 

आरोपियों के पास से 1 लाख 20 हजार 100 रुपये मूल्य की विदेशी शराब और बीयर जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सागर मौर्य अपने साथियों के साथ नागपुर जिले से अवैध रूप से शराब लेकर वर्धा आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बचराज जिन ट्रैवल्स प्वाइंट, वसंत टॉकीज के पास जाल बिछाया।

कार्रवाई के दौरान सागर राजेंद्र मौर्य (29), अभिनव नरेंद्र सहारे (27) और समीर को हिरासत में लिया गया।

 उनके पास मौजूद दो बड़े कॉलेज बैग और दो कपड़े के थैलों की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों की विदेशी शराब की सीलबंद बोतलें और बीयर के केन बरामद हुए।

जब्त शराब में ऑफिसर चॉइस, ऑफिसर चॉइस ब्लू, मैजिक मोमेंट जामुन, रॉयल स्टैग, सह्याद्री गोल्ड, ग्रैंड मास्टर मिलन, मास्टर डिलाइट और रॉयल चैलेंज शामिल हैं। वहीं कासबर्ग, टुबर्ग और बडवाइजर कंपनी के बीयर केन भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने शराब नागपुर के सीताबर्डी स्थित रतुल वाइन शॉप के मैनेजर से खरीदने की जानकारी पुलिस को दी। 

मामले में वर्धा शहर पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65 ई, 77 ए और 83 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच वर्धा शहर पुलिस कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील महाडीक के मार्गदर्शन में की गई। 

कार्रवाई में पो.उप.नि. परवेज खां, पुलिस अमलदार गजानन लामसे, संजय बोगा, अरविंद घुगे, पवन निलेकर, समीर शेख और रविकिरण मुन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।