किसानों को कर्ज के बोझ से मुक्त करें, पूरे महाराष्ट्र में सूखा घोषित करें

Mon 21-Sep-2026,11:50 PM IST -07:00
Beach Activities

किसानों को कर्ज के बोझ से मुक्त करें, पूरे महाराष्ट्र में सूखा घोषित करें

फसल नुकसान के लिए हेक्टेयर 50 हजार रुपये मुआवजे की मांग

 

वर्धा, प्रतिनिधि, युसूफ पठाण 

वर्धा जिले सहित पूरे महाराष्ट्र में किसान अनियमित बारिश, फसल नुकसान, बढ़ती उत्पादन लागत और कृषि उपज के उचित दाम नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के वर्धा जिलाध्यक्ष श्रीकांत ब. दोड के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में किसानों की सरसकट कर्जमाफी, पूरे महाराष्ट्र में सूखा घोषित करने तथा फसल नुकसान के लिए प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की गई। साथ ही दुष्कालग्रस्त किसानों के बकाया कृषि बिजली बिलों की वसूली स्थगित कर बिजली कनेक्शन नहीं काटने की मांग भी की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि वर्धा जिले के कई क्षेत्रों में बारिश की अनिश्चितता और लंबे अंतराल के कारण खरीफ फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ा है। महंगे खाद-बीज, बढ़ती उत्पादन लागत, कीट एवं रोगों का प्रकोप तथा कृषि उपज को अपेक्षित भाव नहीं मिलने से किसानों का आर्थिक गणित बिगड़ गया है।

आप की ओर से मांग की गई कि पंचनामे की लंबी प्रक्रिया की प्रतीक्षा किए बिना किसानों को तत्काल राहत दी जाए। साथ ही उपलब्ध जलस्रोतों का नियोजन कर पीने और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाए। कपास, सोयाबीन, तुअर, धान सहित प्रमुख फसलों को उत्पादन लागत के आधार पर उचित समर्थन मूल्य और बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार तत्काल कदम उठाए।

इस अवसर पर श्रीकांत ब. दोड ने कहा कि “किसान शासन की मदद का लाभार्थी नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। संकट के समय उसे कर्ज के बोझ तले दबाने के बजाय सरकार द्वारा ठोस आर्थिक आधार देना उसकी नैतिक जिम्मेदारी है।”

किसानों की मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लिए जाने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी भी दी गई।

ज्ञापन सौंपते समय जिलाध्यक्ष श्रीकांत दोड, असलम पठाण, संजय आचार्य, समीर खान और मयूर राऊत प्रमुख रूप से उपस्थित थे।