प्रभाग 18 में विकास कार्यों को गति, आवासीय अतिक्रमण नियमितीकरण के लिए विशेष शिविर

Mon 21-Sep-2026,10:34 PM IST -07:00
Beach Activities

प्रभाग 18 में विकास कार्यों को गति, आवासीय अतिक्रमण नियमितीकरण के लिए विशेष शिविर

नगरसेवक नदीम अथर उर्फ रिंकू की पहल; नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी

वर्धा | प्रतिनिधि अतहर शेख 

नगरसेवक बनने के बाद नदीम अथर उर्फ रिंकू द्वारा प्रभाग क्रमांक 18 में विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पार्किंग नगर एवं तारपेफैल क्षेत्र में शासकीय जमीन पर 1 जनवरी 2011 से पहले से आवासीय रूप में रह रहे नागरिकों के अतिक्रमण नियमितीकरण को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस शिविर के माध्यम से पात्र नागरिकों को नियमितीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कई वर्षों से अपने आवास को लेकर अनिश्चितता में रह रहे परिवारों के लिए यह शिविर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

22 सितंबर को लगेगा शिविर

विशेष शिविर का आयोजन मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पार्किंग मस्जिद के पास, प्रभाग क्रमांक 18, वर्धा में किया जाएगा।

नागरिक ये दस्तावेज साथ लाएं

2011 से पहले का निवास प्रमाण

₹100 के स्टाम्प पेपर पर प्रतिज्ञा पत्र

बिजली बिल

चालू वर्ष की संपत्ति कर रसीद

पिछले एक वर्ष का चालू निवास प्रमाणपत्र

पति-पत्नी के आधार कार्ड

आयोजकों की ओर से पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर नियमितीकरण प्रक्रिया की जानकारी लेने की अपील की गई है।

विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास

नगरसेवक नदीम अथर उर्फ रिंकू के अनुसार, प्रभाग के विकास और नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लंबे समय से लंबित कार्यों को पूरा कराने के साथ ही क्षेत्र में विभिन्न मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में पहल जारी है।

“जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए प्रभाग के विकास को आगे बढ़ाना और नागरिकों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना हमारा निरंतर प्रयास है।”