वर्धा पुलिस की कार्रवाई से चोरी का माल फरियादियों को वापस
वर्धा पुलिस की कार्रवाई से चोरी का माल फरियादियों को वापस
विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील ने फरियादियों को सौंपा जब्त माल; आगामी त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा
प्रतिनिधि युसुफ पठाण वर्धा
वर्धा : विशेष पुलिस महानिरीक्षक, नागपुर परिक्षेत्र संदीप पाटील ने 1 सितंबर को वर्धा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान आगामी पोला, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेशोत्सव की पृष्ठभूमि में जिले की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ अग्रवाल ने आगामी त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा नियोजन की जानकारी दी। विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील ने सभी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चोरी का लाखों का माल फरियादियों को लौटाया
इसी अवसर पर वर्धा जिले के विभिन्न पुलिस थानों में उजागर किए गए चोरी के मामलों में बरामद मूल्यवान माल संबंधित फरियादियों को विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील के हाथों सम्मानपूर्वक वापस किया गया।
रामनगर पुलिस थाना अपराध क्रमांक 497/2026 में चोरी हुए 6.8 किलो चांदी के आभूषण फरियादी संजय भगवान उईकांत को वापस किए गए। वहीं वर्धा शहर पुलिस थाना अपराध क्रमांक 266/01 के मामले में फरियादी रेनुका प्रकाश तळवेकर की ओर से प्रकाश तळवेकर को 40 ग्राम चांदी की पायपट्टियां लौटाई गईं।
वर्धा शहर पुलिस के अन्य मामलों में विजय शामराव उमरे की ओर से दीपक उमरे को 60 ग्राम चांदी की वस्तुएं, निर्मला शंकरराव निरगुड की ओर से संबंधित फरियादी को पीली धातु की चार मणियां, जबकि अभिजीत नानाजी मिसाळ को चोरी की 16 पीली धातु की बोरमालियां एवं वाटियां वापस की गईं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं शाखा प्रमुख उपस्थित थे।
वर्धा पुलिस ने नागरिकों से आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।