नए खेल सामाजिक दायरा बढ़ाने में सहायक : सुभाष उरकुडे

Tue 10-Feb-2026,12:41 AM IST -07:00
Beach Activities

नए खेल सामाजिक दायरा बढ़ाने में सहायक : सुभाष उरकुडे

वर्धा | मुख्य संपादक नावेद पठाण

नए खेल सीखने से शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक सजगता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। यह मस्तिष्क को चुनौती देकर संज्ञानात्मक क्षमताओं को बढ़ाता है, तनाव कम करता है तथा सामाजिक कौशल विकसित करता है। टीम के साथ खेले जाने वाले खेलों से टीम वर्क और सहयोग की भावना बढ़ती है, जिससे सामाजिक दायरा भी विस्तृत होता है। उक्त प्रतिपादन महाराष्ट्र एमेच्योर वुशु एसोसिएशन के प्रदेश सचिव सुभाष उरकुडे (नागपुर) ने किया।

वे जलसंपदा विभाग के ओम शिव गौरी टेबल टेनिस हॉल में महाराष्ट्र एमेच्योर वुशु एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक दिवसीय वुशु स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैम्प के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता युनिवर्सल मार्शल आर्ट स्पोर्ट्स अकैडमी के राष्ट्रीय सलाहकार इमरान राही ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष विजय सत्यम, डॉ. श्रीराम आगलावे, राजेंद्र शेंद्रे उपस्थित थे। मंच पर जिला अध्यक्ष उल्हास वाघ, निखिल रत्नापुरे, समाजसेवी राजू लभाणे, मोहन मोहिते, राहुल गुप्ते, ओम तिवारी, बजरंग वानखेडे, इंद्रपाल गवळी, नदीम शेख, विक्रांत गव्हाने, लीला वाघ, अभिजीत सिंग, गौतम गौरव तामगाडगे, साहिल वाघ, मिहिर वाघ सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे।

अध्यक्षीय भाषण में इमरान राही ने कहा कि नए खेल सीखने से खिलाड़ियों के दृष्टिकोण और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आता है तथा जीवन में आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध होते हैं।

कार्यक्रम की प्रस्तावना करते हुए उल्हास वाघ ने कहा कि नए खेलों के माध्यम से ज्ञान और समझ अधिक गहरी होती है। कार्यक्रम का संचालन साहिल वाघ ने किया तथा आभार प्रेम कंवर ने माना।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुनील पाटील, नितीन यादव, रितेश गावंडे, सचिन शिंदे, बजरंग लाजूरकर, प्रमोद पांडे, सौ. रेवतकर, समर्थ लाजूरकर, आर्यन छापेकर, धनश्री मेंद सहित सभी सहयोगियों ने अथक परिश्रम किया।

एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को नगराध्यक्ष सुधीर पांगुळ, वर्धा शहर थाना प्रभारी संतोष टाले तथा सेवाग्राम पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी नागेश्वर चातरकर ने सदिच्छा भेंट देकर शुभकामनाएं दीं।