बोगस सोयाबीन बीज मामले में शिवसेना ठाकरे गुट आक्रामक
बोगस सोयाबीन बीज मामले में शिवसेना ठाकरे गुट आक्रामक
आठ दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो तीव्र आंदोलन की चेतावनी
वर्धा. नाचणगांण. युसूफ पठाण
वर्धा : नाचणगांव परिसर में बोगस सोयाबीन बीज के कारण किसानों को नुकसान होने की शिकायतों को लेकर शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे) गुट आक्रामक हो गया है। 7 जुलाई को किसानों की ओर से बोगस सोयाबीन बीज के संबंध में शिकायत का निवेदन कृषि विभाग को दिया गया था। इसके बाद कृषि विभाग द्वारा केवल पंचनामा किए जाने के अलावा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर शिवसेना ने नाराजगी जताई है।
इस मामले को लेकर तालुका कृषि अधिकारी को दिए गए निवेदन में मांग की गई है कि प्रभावित किसानों को आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कृषि मंत्री भरणे द्वारा पावसाळी अधिवेशन के दौरान बोगस सोयाबीन बीज जब्त करने के आदेश दिए जाने का हवाला देते हुए तालुका कृषि अधिकारी देवी से पूछा गया कि अब तक कितनी मात्रा में बोगस सोयाबीन बीज जमा अथवा जब्त किया गया है।
शिवसेना ने संबंधित कृषि केंद्र तथा बीज कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज करने की भी मांग की है। इसके अलावा बोगस बीज के कारण नुकसान उठाने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 क्विंटल सोयाबीन के बराबर आर्थिक मुआवजा देने की मांग निवेदन में की गई है।
तालुकाप्रमुख सतीश बोरसे पाटील ने चेतावनी दी कि किसानों की शिकायतों पर आठ दिनों के भीतर सविस्तर कार्रवाई होनी चाहिए। यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना (ठाकरे गुट) की ओर से तीव्र आंदोलन किया जाएगा।
निवेदन देते समय राम कैकाडी, आशीष गांजरे, राजेश शिंदे, सुरेश पाटेकर, मनोहर कडून गदाले, सुरेश काळे, केंद्र शेख मुनाफ, आशीष काय, प्रमोद वंजारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।