इतवारा बाजार में मजदूर की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी फरार

Mon 17-Aug-2026,09:35 PM IST -07:00
Beach Activities

इतवारा बाजार में मजदूर की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी फरार

वर्धा, प्रतिनिधि युसूफ पठाण

वर्धा.शहर के भीड़भाड़ वाले इतवारा बाजार में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सब्जी और किराना सामान खरीदने आए एक मजदूर पर पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में प्रेमसिंग गुलाबसिंग आरमो (50) की गर्दन पर, कान के नीचे गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमसिंग आरमो अपनी पत्नी बिस्तोबाई और गांव के अन्य मजदूर साथियों के साथ इतवारा बाजार में सामान खरीदने आए थे। शाम करीब 4 बजे वे बाजार में सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति पीछे से आया और प्रेमसिंग की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद बाजार में मौजूद लोगों ने घायल प्रेमसिंग की मदद की। उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल वर्धा ले जाया गया। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सेवाग्राम अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल की पत्नी बिस्तोबाई प्रेमसिंग आरमो की शिकायत पर वर्धा शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा आरोपी की पहचान अनिल कुरील, निवासी इतवारा बाजार, वर्धा के रूप में बताए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 1338/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी पुलिस थाना के थानेदार नागेश कुमार चतारकर के साथ विजय खाड़े, इमरान खान, रविंद्र मुजबैले, थेटसिंग कोहचाडे और प्रशांत वंजारी सहित पुलिस कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक प्रमोद राजकर कर रहे हैं।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी भी जांच की जा रही है।