हनुमान नगर–बोरगाव रोड पर हादसों की बढ़ती श्रृंखला, स्पीड ब्रेकर की मांग तेज नगरसेवक ने नगराध्यक्ष को सौंपा निवेदन, सुरक्षा उपायों की उठी आवाज
हनुमान नगर–बोरगाव रोड पर हादसों की बढ़ती श्रृंखला, स्पीड ब्रेकर की मांग तेज
नगरसेवक ने नगराध्यक्ष को सौंपा निवेदन, सुरक्षा उपायों की उठी आवाज
वर्धा | जिल्हा विशेष प्रतिनिधी : युसुफ पठाण
हनुमान नगर क्षेत्र में शाहू मेडिकल के पास स्थित हनुमान नगर–बोरगाव रोड पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे सामने आ रहे हैं, जिससे राहगीरों और रहवासियों की जान जोखिम में पड़ गई है।
इस गंभीर समस्या को लेकर प्रभाग क्रमांक 18 के नगरसेवक नदीम अतहर अब्दुल सत्तार उर्फ रिंकू ने वर्धा नगर परिषद के नगराध्यक्ष को औपचारिक निवेदन सौंपा। निवेदन में उक्त स्थान पर तत्काल स्पीड ब्रेकर लगाने, चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित करने और यातायात नियंत्रण के ठोस उपाय करने की मांग की गई है।
नगरसेवक नदीम अतहर ने बताया कि हनुमान नगर परिसर में स्कूल, मेडिकल स्टोर और रिहायशी इलाका होने के बावजूद वाहन चालक तेज गति से वाहन चला रहे हैं। कई बार गंभीर दुर्घटनाएं होते-होते टली हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही स्पीड ब्रेकर और आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। यह मामला वर्धा शहर की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।