25 वर्षों से बसे परिवारों को मिले हक का भूखंड पार्षद अभिषेक त्रिवेदी व मोहिनी आड़े की प्रशासन से ठोस मांग
25 वर्षों से बसे परिवारों को मिले हक का भूखंड
पार्षद अभिषेक त्रिवेदी व मोहिनी आड़े की प्रशासन से ठोस मांग
वर्धा | जिल्हा विशेष प्रतिनिधी : युसुफ पठाण
शहर के इतवारा बाजार क्षेत्र में वर्षों से बसे गरीब व जरूरतमंद परिवारों को उनका हक दिलाने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद अभिषेक विनोद त्रिवेदी तथा सौ. मोहिनी आड़े ने प्रशासन के समक्ष ठोस मांग रखी है। दोनों पार्षदों ने वर्धा नगर परिषद के मुख्य अधिकारी को सशक्त निवेदन सौंपते हुए सरकारी भूमि पर निवासरत परिवारों के लिए भूखंड आवंटन प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की है।
पार्षद त्रिवेदी ने बताया कि इतवारा बाजार, कंजर मोहल्ला और बुराड़ मोहल्ला क्षेत्रों में अनेक परिवार पिछले 20 से 25 वर्षों से सरकारी जमीन पर कच्चे मकानों में जीवन यापन कर रहे हैं। मिट्टी की दीवारें, टीन की छतें और जर्जर ढांचे होने के कारण कई घर कभी भी गिरने की स्थिति में हैं, जिससे रहवासियों की जान–माल को गंभीर खतरा बना हुआ है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र व राज्य सरकार की अधिकांश आवास योजनाओं का लाभ तभी मिलता है, जब आवेदक के नाम पर भूमि स्वामित्व का प्रमाण हो। अधिकार पत्र के अभाव में ये परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं और पक्के मकान का सपना अधूरा ही रह जाता है।
पार्षद अभिषेक त्रिवेदी व सौ. मोहिनी आड़े ने मांग की कि वार्ड क्रमांक 12 के उपरोक्त क्षेत्रों में पात्र नागरिकों को नियमानुसार भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। इससे सैकड़ों परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ मिलेगा और वर्षों से असुरक्षा में जी रहे लोगों को स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान प्राप्त होगा।
उन्होंने दो टूक कहा, “यह केवल जमीन का सवाल नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों के भविष्य, गरिमा और सुरक्षा से जुड़ा विषय है।” पार्षदों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित व सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। यह मामला वर्धा शहर में शहरी गरीबों के अधिकारों से जुड़ा अहम प्रश्न बनकर सामने आया है।