एलएलएम मेरिट सूची में दो न्यायाधीश शामिल; यशवंत महाविद्यालय में हुआ सम्मान

Wed 11-Mar-2026,04:38 AM IST -07:00
Beach Activities

एलएलएम मेरिट सूची में दो न्यायाधीश शामिल; यशवंत महाविद्यालय में हुआ सम्मान

वर्धा के यशवंत महाविद्यालय के विधि विभाग के दो छात्रों ने एलएलएम पाठ्यक्रम की विश्वविद्यालय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। जिला न्यायाधीश विद्याधर काकतकर तथा दीवानी न्यायाधीश (कनिष्ठ स्तर) विशाल देशमुख ने इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में स्थान हासिल किया।

विशेष बात यह है कि दोनों न्यायाधीश हिंगणघाट में अपनी न्यायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पढ़ाई जारी रखे हुए थे और इसी के साथ उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

इस उपलब्धि पर यशवंत ग्रामीण शिक्षण संस्था द्वारा आयोजित “गुणवंत छात्र सम्मान समारोह” में संस्था के अध्यक्ष समीर देशमुख के हाथों न्यायाधीश विशाल देशमुख को स्मृति चिह्न और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, न्यायालयीन कार्य में व्यस्त होने के कारण जिला न्यायाधीश विद्याधर काकतकर कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, इसलिए उनका सम्मान भी समीर देशमुख ने स्वीकार किया।

इस अवसर पर वर्धा जिला परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पराग सोमन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य ठाकरे सर, संचालक शशांक घोड़मारे, प्रो. सिंघम मैडम सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

दोनों न्यायाधीशों ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उनकी इस उपलब्धि पर न्यायाधीशों, वकीलों, न्यायालयीन कर्मचारियों तथा शुभचिंतकों ने उनका अभिनंदन किया है।