तहसील पत्रकार संघ द्वारा डॉ. बाबासाहब की भव्य जयंती संपन्न

Sun 19-Apr-2026,12:56 AM IST -07:00
Beach Activities

प्रतिनिधी गुलशन बनोठे सालेकसा 

महारक्तदान शिविर, विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर एवं सम्मान समारोह संपन्न

कार्याध्यक्ष गुणाराम मेहर के नेतृत्व को मिली सफलता

विधायक निधि से 10 लाख रुपये के पावर ब्लॉक कार्य का विधायक संजय पुराम के हस्ते भूमिपूजन संपन्न

किरणापुर-लांजी (म.प्र.) के विधायक राजकुमार कर्राहे ने पत्रकारों की सराहना की

सालेकसा:सालेकसा तहसील पत्रकार संघ द्वारा दिनांक 18 अप्रैल दिन शनिवार को संघ के कार्याध्यक्ष गुणाराम मेहर के नेतृत्व में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई. इस अवसर पर महारक्तदान शिविर, महास्वास्थ्य जांच शिविर तथा नव-निर्वाचित नगर पंचायत पदाधिकारियों,नगरसेवक एवं समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चुनिंदा व्यक्तियों का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया.

       कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीक विधायक श्री संजय पुराम द्वारा डॉ. बाबासाहब आंबेडकर एवं छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का पूजन कर किया गया. इस दौरान उन्होंने अपने विधायक निधि से पत्रकार भवन परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पावर ब्लॉक कार्य का भूमिपूजन भी किया.

     इस अवसर पर किरणापुर-लांजी (मध्यप्रदेश) विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजकुमार कर्राहे ने पत्रकार संघ के सभी पत्रकारों की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम उन्होंने पहली बार देखे हैं और भविष्य में वे सदैव यहां के पत्रकारों के सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे.

      कार्यक्रम की अध्यक्षता नगराध्यक्ष विजय फुंडे ने की जबकि प्रमुख अतिथि के रूप में जी.प. सदस्या छाया शंकरलाल नागपुरे, सोनपुरी केंद्र के केंद्र प्रमुख शंकरलाल नागपुरे, भाजपा दलित आघाड़ी के जिला महामंत्री डॉ. राजेंद्र बडोले तथा कावराबांध पंचायत समिति सदस्या अर्चना मडावी उपस्थित थीं. इस कार्यक्रम में भव्य रोग निदान शिविर एवं जांच परामर्श डॉक्टर माहुले गैस्ट्रो एंड इनफर्टिलिटी सेंटर के द्वारा डॉक्टर राजू माहुले डॉ. शीतल माहुले,रवि मौर्या एवं उनके सहयोगियों द्वारा निशुल्क जांच कर दवाइयां का वितरण तथा लाइफलाइन ब्लड बैंक नागपुर द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें अनेक लोगों ने रक्तदान देकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

     कार्यक्रम का सूत्रसंचालन पत्रकार यशवंत शेंडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पत्रकार प्रा. संजय बारसे ने किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए संघ के सचिव गुलशन बनोठे, मुमताज शैय्यद अली, किशोर वाल्दे,अमित वैद्य, राजकुमार मच्छिरके एवं हरिहर पाथोडे ने विशेष परिश्रम किया.पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार रवीकुमार सोनवाने एवं दिनेश मानकर को उपस्थित अतिथियों के हाथों रजत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

      कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के लिए स्वरूचि भोज की व्यवस्था की गई थी, जिसका बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने आनंद लिया .डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर पत्रकार संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों को भेंट स्वरूप पेड़ दिया गया.इस अनूठे कार्यक्रम की सराहना न केवल सालेकसा तहसील बल्कि पूरे गोंदिया जिल्हे के राजनीतिक एंव सामाजिक गलियारों में की जा रही है.