सवांगी मेघे में पशु चोरी का पर्दाफाश, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Wed 15-Apr-2026,01:33 AM IST -07:00
Beach Activities

सवांगी मेघे में पशु चोरी का पर्दाफाश, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

वर्धा | प्रतिनिधि: युसूफ पठान

सवांगी मेघे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसान के बैल एवं दुधारू पशुओं की चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए पशु तथा वारदात में उपयोग किया गया वाहन भी जब्त कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोरगांव नंदोरा निवासी रामभाऊ दशरथजी खोट (उम्र 46 वर्ष) ने 12 अप्रैल 2026 को सवांगी मेघे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनके फार्म शेड में बंधे दो बैल, एक गाय और एक बछड़ा अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए। 12 अप्रैल की सुबह लगभग 6 बजे खेत पर पहुंचने पर उन्हें घटना का पता चला। चोरी गए पशुओं की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानेदार पंकज वाघोड़े के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लोकेश राजू चाकोले (उम्र 21 वर्ष, निवासी देवली) और संजय पंडित येदाने (उम्र 29 वर्ष, निवासी सवांगी असोला, नागपुर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर बोरगांव क्षेत्र से बैल, गाय और बछड़ा चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सभी पशु तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (MH/34/VG/9618), जिसकी कीमत लगभग 5.85 लाख रुपये है, जब्त कर लिया है।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद मकेश्वर के मार्गदर्शन में और थानेदार पंकज वाघोड़े के नेतृत्व में की गई। मामले की आगे की जांच हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कांबले द्वारा की जा रही है।