LKG छात्रा को फेल करने पर विवाद, ट्यूशन वाले बयान से भड़के अभिभावक
LKG छात्रा को फेल करने पर विवाद, ट्यूशन वाले बयान से भड़के अभिभावक
वर्धा जिल्हा प्रतिनिधि: अथर शेख
वर्धा: शहर के सेंट एंटोनी स्कूल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां LKG में पढ़ने वाली एक नन्ही छात्रा को फेल कर दिया गया। छात्रा ईवा विक्टर अलेक्जेंडर (हसमुख अन्ना) को फेल किए जाने के बाद अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जब छात्रा के माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन से इस निर्णय का कारण पूछा, तो उन्हें जो जवाब मिला, उसने विवाद को और बढ़ा दिया। स्कूल की प्राचार्या रेव. मैरी जॉन (DST) ने कथित तौर पर कहा, “आप अपने बच्चों को घर पर पढ़ाएं या ट्यूशन लगाएं। अगर आपने ट्यूशन लगाई होती तो आपकी बच्ची पास हो जाती।”
प्राचार्या के इस बयान के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि LKG जैसी प्रारंभिक कक्षा में बच्चों को फेल करना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे उनकी मानसिक स्थिति पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही, इतनी कम उम्र में ट्यूशन की सलाह देना भी शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
स्थानीय अभिभावकों और नागरिकों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूलों में बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए, न कि केवल परिणाम आधारित मूल्यांकन पर।
यह मामला अब शिक्षा प्रणाली की कार्यप्रणाली और छोटे बच्चों पर बढ़ते शैक्षणिक दबाव को लेकर एक बड़ी बहस का विषय बनता जा रहा है।