ब्राह्मणटोला में शिवलिंग स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा व हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

Sat 04-Apr-2026,04:17 AM IST -07:00
Beach Activities

प्रतिनिधी गुलशन बनोठे सालेकसा 

सालेकसा-सालेकसा तहसील अंतर्गत ब्राह्मणटोला में श्री शिव महाकाल समिति द्वारा तीन दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर शिवलिंग स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा तथा हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत 30 मार्च को दोपहर 12 बजे कलश यात्रा, वेदी पूजन एवं जलाधिवासन के साथ हुई, जिसमें गांव की महिलाओं व श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके बाद 31 मार्च को अनाधिवासन एवं सायंकालीन वस्त सयन की विधियां संपन्न की गईं।

1 अप्रैल को प्रातःकाल शुभ मुहूर्त में शिवलिंग स्थापना एवं हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान पंडित उमाशंकर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विधिवत संपन्न हुआ।

2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शाम 6 बजे शिव महाकाल मंदिर से भव्य रैली निकाली गई, जिसने पूरे गांव का भ्रमण किया। रैली में भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रैली के समापन के पश्चात मंदिर प्रांगण में विशाल महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में बद्रीप्रसाद दसरिया का विशेष योगदान रहा। साथ ही समिति के अध्यक्ष राकेश नागोसे, उपाध्यक्ष सोमेश मेश्राम, सचिव अर्जुन मोहारे, सहसचिव संदीप दसरिया, कोषाध्यक्ष खुशाल मेचके एवं संयोजक नरेंद्र दसरिया सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम की सफलता में आमदार संजय पुराम के अथक प्रयास भी सराहनीय रहे। पूरे आयोजन ने गांव में धार्मिक एकता और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।