सिंदी मेघे में ग्राम पंचायत की लापरवाही उजागर दिन में जलती स्ट्रीट लाइटें, रात में अंधेरा; नागरिक परेशान

Tue 03-Feb-2026,09:39 PM IST -07:00
Beach Activities

सिंदी मेघे में ग्राम पंचायत की लापरवाही उजागर दीन में जलती स्ट्रीट लाइटें, रात में अंधेरा; नागरिक परेशान

सिंदी मेघे (वर्धा) |जिल्हा विशष प्रतिनिधि युसूफ पठाण

सिंदी मेघे ग्राम पंचायत अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1, 2 एवं 3 के नागरिक बीते कई दिनों से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की गंभीर अव्यवस्था से त्रस्त हैं। स्थिति इतनी विडंबनापूर्ण है कि दिन के उजाले में स्ट्रीट लाइटें जलती रहती हैं, जिससे बिजली की भारी बर्बादी हो रही है, जबकि रात के समय, जब इन लाइटों की वास्तविक आवश्यकता होती है, तब अधिकांश लाइटें बंद पड़ी रहती हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार ग्राम पंचायत की लापरवाही के कारण सरकारी बिजली का दुरुपयोग खुलेआम हो रहा है। दिन में लाइटें चालू रहने से न केवल राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि यह प्रशासनिक उदासीनता को भी दर्शाता है।

वहीं रात के समय अंधेरे के कारण वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे सड़कों पर दुर्घटना और असामाजिक तत्वों का भय भी बना रहता है।

नागरिकों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतों को लगातार अनदेखा किए जाने से नागरिकों में रोष व्याप्त है।

नागरिकों की मांग

जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत प्रशासन तत्काल इस गंभीर समस्या का संज्ञान ले। स्ट्रीट लाइटों के संचालन हेतु ऑटोमैटिक सेंसर लगाए जाएं या किसी जिम्मेदार कर्मचारी की नियुक्ति की जाए, ताकि दिन में लाइटें बंद रहें और रात में नियमित रूप से चालू रहें।

यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वार्डवासियों ने आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।