महामार्ग पर पुलिस की मुस्तैदी : चोरी की स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद, आरोपी गिरफ्तार
महामार्ग पर पुलिस की मुस्तैदी : चोरी की स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद, आरोपी गिरफ्तार
वर्धा जिल्हा विशेष प्रतिनिधि. युसूफ पठाण
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस सहायता केंद्र जाम (जिला वर्धा) की टीम ने त्वरित व साहसिक कार्रवाई करते हुए चोरी की गई स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को फरियादी प्रभाकर येरणे ने पुलिस स्टेशन वरोरा, जिला चंद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि मौजा खांबाड़ा, तहसील वरोरा से उनकी स्विफ्ट डिज़ायर कार (क्रमांक MH46 Z 9416) तथा कार में रखी 60,000 रुपये नकद चोरी हो गए हैं। इस संबंध में पुलिस स्टेशन वरोरा में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस अपराध की सूचना पुलिस सहायता केंद्र जाम को मिलने के बाद आज राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोलिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध कार हैदराबाद की ओर जाती हुई दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर चालक ने वाहन न रोकते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर मौजा आजंती शिवर में नाकाबंदी कर वाहन सहित चालक को पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रमोद अजाबराव मडावी (उम्र 40 वर्ष, निवासी पाटनबोरी, तहसील केळापुर, जिला यवतमाल) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर कार के अंदर MH46 Z 9416 नंबर की दो नंबर प्लेटें बरामद हुईं, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह वही चोरी की गई कार है। इसके बाद आरोपी एवं वाहन को पुलिस सहायता केंद्र जाम लाया गया।
इस कार्रवाई की सूचना पुलिस स्टेशन वरोरा के जांच अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक झांबरे को दी गई, जो स्टाफ के साथ पुलिस सहायता केंद्र जाम पहुंचे। आगे की जांच हेतु आरोपी और स्विफ्ट डिज़ायर कार उन्हें सौंप दी गई है।
यह संपूर्ण कार्रवाई प्रभारी अधिकारी दिलीप थाटे, पुलिस उपनिरीक्षक प्रमोद धोटे, पुलिस हवलदार विकास काकड़े (786), रंजीत फाले (570), चंद्रकांत जीवतोडे (1418), सतीश नैताम (1398), पुलिस शिपाई भूषण टोंग (1079) तथा महिला पुलिस शिपाई आरती हुरले (1744) की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।