ईदगाह मैदान में गूंजी अमन-चैन की दुआएं सांसद अमर काले और सुधीर पांगुल ने दी ईद की मुबारकबाद

Sat 21-Mar-2026,10:26 PM IST -07:00
Beach Activities

ईदगाह मैदान में गूंजी अमन-चैन की दुआएं

सांसद अमर काले और सुधीर पांगुल ने दी ईद की मुबारकबाद

प्रतिनिधि – युसुफ पठाण वर्धा 

वर्धा वर्धा : ईद-उल-फितर का पावन पर्व शनिवार, 21 मार्च को वर्धा शहर में आपसी भाईचारे, प्रेम और उल्लास के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर के महात्मा गांधी स्कूल के पीछे स्थित ईदगाह मैदान में सुबह 8:30 बजे ईद की विशेष नमाज अदा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने उपस्थित होकर नमाज अदा की और देश की तरक्की, अमन-चैन तथा खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

नमाज के बाद ईदगाह मैदान में एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह दिखाई दिया। पूरे परिसर में भाईचारे, सौहार्द और खुशी का वातावरण देखने को मिला।

ईद की खुशी में शामिल होने के लिए सांसद अमर काले तथा नगर परिषद वर्धा के नगराध्यक्ष सुधीर पांगुल विशेष रूप से ईदगाह मैदान पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नमाज के बाद बाहर निकल रहे मुस्लिम भाइयों को गुलाब का फूल भेंट कर ईद की शुभकामनाएं दीं। साथ ही शहर में शांति, एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर सांसद अमर काले ने कहा कि ईद का पवित्र त्योहार प्रेम, समर्पण और भाईचारे का संदेश देता है। सभी समाज के लोग मिलकर देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआ करें, यही इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है।

कार्यक्रम के दौरान वर्धा सिटी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस द्वारा ईदगाह मैदान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते ईद का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

मुस्लिम समाज की ओर से उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और पुलिस विभाग का सहयोग तथा सौहार्दपूर्ण सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।