खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं – विशेष महानिरीक्षक निसार तांबोली
खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं – विशेष महानिरीक्षक निसार तांबोली
वर्धा | मुख्य संपादक नावेद पठाण
वर्धा वर्धा : खेलकूद हर व्यक्ति के जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ और तंदुरुस्त रखता है, बल्कि मानसिक मजबूती और व्यक्तित्व विकास में भी अहम भूमिका निभाता है। जीवन के प्रत्येक चरण में खेल का विशेष महत्व है। खेलों में सफलता के साथ राष्ट्रीय गौरव जुड़ा होता है, जो जाति, पंथ और धर्म से ऊपर उठकर देश को एक सूत्र में बांधता है तथा एक स्वस्थ और खुशहाल समाज के निर्माण में सहायक बनता है।
भारत में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की, ताकि वे विश्व स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। विभिन्न खेलों में भाग लेने से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार होता है। इसलिए खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आज समय की मांग है।
उक्त विचार निसार तांबोली, विशेष महानिरीक्षक, राज्य राखीव पुलिस बल, नागपुर ने व्यक्त किए।
वे राष्ट्रीय अंतरशालेय कराटे क्रीड़ा स्पर्धा में वर्धा जिले से आए स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
इस अवसर पर स्पोर्ट कराटे एसोसिएशन, वर्धा जिला के संरक्षक इमरान राही, नागपुर के पूर्व पुलिस उप-आयुक्त चंद्रकांत उदगीरकर, जमील अहमद, शास्त्री सोशल फोरम के राष्ट्रीय सचिव किरण फुलझेले, अविनाश दुपारे, उपविभागीय अभियंता प्रभाकर हांडे, अब्दुल गणी, इवेंट डायरेक्टर संदीप निसाल, स्पोर्ट शोतोकान कराटे-डो एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा वर्धा जिला कराटे एसोसिएशन के सचिव शिहान मंगेश भोंगाडे, गेंशुर्यू कराटे एसोसिएशन के वर्धा जिला प्रतिनिधि एवं वर्धा जिला कराटे एसोसिएशन के संरक्षक सेन्साई निलेश राऊत प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
समारोह में उपस्थित मान्यवरों के शुभहस्ते राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों पियुष अनुज सिंह, नैतिक निलेश राऊत तथा देवांशु प्रकाश लाखे को उनके द्वारा अर्जित पदक, प्रमाणपत्र, शाल एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।