*ई-लाइब्रेरी बंद होने पर आम आदमी पार्टी का ज्ञापन, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप*

Tue 17-Feb-2026,05:19 AM IST -07:00
Beach Activities

ई-लाइब्रेरी बंद होने पर आम आदमी पार्टी का ज्ञापन, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

 वर्धा तालुका प्रतिनिधी इरशाद शहा

वर्धा — प्रभाग क्रमांक 18 स्थित चमकती हनुमान मंदिर के पास बनी ई-लाइब्रेरी के उद्घाटन के तुरंत बाद ताला लगाए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी वर्धा जिला इकाई ने संबंधित नगरसेवकों को लिखित ज्ञापन सौंपकर ई-लाइब्रेरी तत्काल शुरू करने की मांग की है।

हाल ही में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन जिले के पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर द्वारा बड़े स्तर पर किया गया था। लेकिन उद्घाटन के कुछ ही समय बाद लाइब्रेरी बंद मिलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में नाराज़गी फैल गई है।

पार्टी के जिला अध्यक्ष श्रीकांत दोड के मार्गदर्शन में जिला सह-संगठन मंत्री खालिद खान ने प्रभाग के नगरसेवक नदीम अथर उर्फ रिंकू भाई तथा नगरसेविका अश्विनी खोडे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि उद्घाटन के समय छात्रों में बड़ी उम्मीदें जगाई गईं, लेकिन हकीकत में ई-लाइब्रेरी अभी तक विद्यार्थियों के लिए शुरू नहीं की गई है, जिससे स्कूल-कॉलेज के छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि लाइब्रेरी में पर्याप्त अध्ययन सामग्री उपलब्ध नहीं है, प्रशिक्षित कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की गई है तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। ऐसी अधूरी व्यवस्था में उद्घाटन किए जाने पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

जिला अध्यक्ष श्रीकांत दोड ने प्रश्न किया कि जब मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, तो उद्घाटन में जल्दबाज़ी क्यों की गई? क्या यह केवल दिखावे के लिए किया गया कार्यक्रम था?

खालिद खान ने मांग की है कि ई-लाइब्रेरी को तुरंत विद्यार्थियों के लिए शुरू किया जाए और पर्याप्त किताबें, प्रशिक्षित स्टाफ, नियमित समय-सारणी, इंटरनेट सुविधा तथा स्वच्छता की समुचित व्यवस्था जल्द उपलब्ध कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इस मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करेगी।

— जारीकर्ता

आम आदमी पार्टी, वर्धा जिला.