हम राजनीति से अधिक सामाजिक नीति को महत्व देते हैं-सविता पुराम

Fri 20-Feb-2026,01:45 AM IST -07:00
Beach Activities

प्रतिनिधी गुलशन बनोठे सालेकसा

सालेकसा:समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन द्वारा संचालित व्यक्तिगत लाभ की योजनाएँ कैसे पहुँचें, इस पर हमारा विशेष ध्यान केंद्रित है. विशेष रूप से स्वास्थ्य संबंधी योजनाएँ लोगों तक पहुँचे, इसके लिए हम वर्षभर विभिन्नतकदीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को शहर में निःशुल्क जांच और उपचार हेतु भेजते हैं.अब तक अनेक गरीब और जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिला है. हालाँकि पिपरिया में अभी तक रोग निदान शिविर का आयोजन नहीं किया गया है, लेकिन भविष्य में एक विशाल रोग निदान शिविर का आयोजन करने की हमारी योजना है.हाल ही में पिपरिया जिला परिषद क्षेत्र अंतर्गत जमाकुडो में भी एक भव्य रोग निदान शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें अति दुर्गम और आदिवासी क्षेत्रों की जनता ने बड़ी संख्या में लाभ उठाया.यह प्रतिपादन पुराडा जिला परिषद क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य एवं पूर्व महिला एवं बाल कल्याण सभापति सविता पुराम ने 19 फरवरी को मौजा पिपरिया में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्षीय भाषण के दौरान किया. यह कार्यक्रम पिपरिया के पूर्व सरपंचा मधु धीरेंद्र अग्रवाल द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य महिला सम्मेलन एवं हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम के रूप में संपन्न हुआ. उन्होंने आगे कहा कि पिपरिया क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का रोडमैप तैयार है और आने वाले कुछ दिनों में इसे जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा.हम पिपरिया के समग्र विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं.इस अवसर पर कार्यक्रम की उद्घाटिका शालिनीताई बडोले तथा पूर्व जिला परिषद सदस्या कल्याणी कटरे ने भी अपने विचार व्यक्त किए. कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता यशवंताताई गुणाराम मेहर, ग्राम पंचायत सदस्या कुसमा चौरके, ग्राम पंचायत सदस्या सरीता कोवे तथा ग्राम पंचायत सदस्य प्रीति कटरे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. कार्यक्रम की सफलता के लिए पिपरिया ग्राम पंचायत क्षेत्र की सभी आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, आशा वर्करों, स्वास्थ्य सेविकाओं तथा शिक्षिकाओं ने विशेष प्रयास किए, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज, माँ जिजाऊ, माँ क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले, महात्मा ज्योतिराव फुले, क्रांतिसूर्य बिरसा मुंडा, महारानी दुर्गावती तथा डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना कर की गई.इस महिला सम्मेलन में क्षेत्र की हजारों महिलाओं ने भाग लिया और आनंदमय वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हुआ.कार्यक्रम का संचालन पूर्व सरपंच एवं आयोजिका मधु अग्रवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पिपरिया कनिष्ठ महाविद्यालय की प्राध्यापिका भुजाडे मैडम ने किया.