हिंदी विवि के आशीष रंजन चौधरी और ऋषि राज शुक्ला ‘अद्वैत जागरण शिविर’ हेतु चयनित
हिंदी विवि के आशीष रंजन चौधरी और ऋषि राज शुक्ला ‘अद्वैत जागरण शिविर’ हेतु चयनित
वर्धा | जिला विशेष प्रतिनिधि : युसुफ पठाण
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के दो छात्र आशीष रंजन चौधरी और ऋषि राज शुक्ला का ‘अद्वैत जागरण शिविर’ के लिए चयन हुआ है। यह शिविर 30 मार्च से 8 अप्रैल 2026 तक शारदा तपोवन में आयोजित किया जाएगा।
यह शिविर आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास तथा संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाता है। शिविर का उद्देश्य युवाओं में अद्वैत दर्शन, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चिंतन के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर से केवल 50 युवाओं का चयन किया जाता है। चयन प्रक्रिया बहुस्तरीय एवं कठिन साक्षात्कार के माध्यम से संपन्न होती है। आशीष रंजन चौधरी और ऋषि राज शुक्ला ने प्रथम प्रयास में ही साक्षात्कार उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उत्कृष्ट परिचय दिया।
दोनों विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों के मार्गदर्शन को देते हुए अपने अग्रज विष्णु कुमार एवं गौरव चौहान के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इन्हीं के माध्यम से उन्हें मध्यप्रदेश शासन की इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी मिली और प्रेरणा प्राप्त हुई।
विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह चयन विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।