हनुमान जयंती पर वर्धा में दर्दनाक हादसा; झंडा लगाते समय करंट लगने से व्यक्ति की मौत

Wed 01-Apr-2026,09:54 PM IST -07:00
Beach Activities

हनुमान जयंती पर वर्धा में दर्दनाक हादसा; झंडा लगाते समय करंट लगने से व्यक्ति की मौत

वर्धा | प्रतिनिधि : युसुफ पठाण

वर्धा शहर के महादेवपुरा क्षेत्र में हनुमान जयंती का उत्साह उस समय मातम में बदल गया, जब मंदिर पर झंडा लगाते समय एक 45 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

मृतक की पहचान अनिल परियाल (45), निवासी महादेवपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हनुमान जयंती के अवसर पर वे मंदिर के शिखर पर झंडा लगाने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान उनका संपर्क पास से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली लाइन से हो गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा।

घटना के बाद उन्हें तुरंत वर्धा के जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुस्लिम युवाओं ने पेश की इंसानियत की मिसाल

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने मानवता और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने अनिल को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इस मदद कार्य में नगरसेवक शेख नौशाद, इमरान कैसर, बबलू खान, साजिद भाईजान, शाहरुख खान, इम्मू, मुशेब, मुजाहिद, शेख इरशान, नवाब लांबा, नवीन, मुस्ताक मुशी, दत्तू सर बबूल, फारुखी फरहान शेख सहित अलफला सोसायटी के सदस्य शामिल थे।

भाईचारे का संदेश

इस दुखद घटना ने जहां पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है, वहीं संकट की घड़ी में एक-दूसरे की मदद करने वाले इन युवाओं ने समाज में एकता, भाईचारे और इंसानियत का मजबूत संदेश दिया है।