मा. जिला न्यायाधीश वर्षा बा. पारगांवकर के हस्ते अधीक्षक रविंद्र बाभुलकर का गौरवपूर्ण सत्कार
मा. जिला न्यायाधीश वर्षा बा. पारगांवकर के हस्ते अधीक्षक रविंद्र बाभुलकर का गौरवपूर्ण सत्कार
नावेद पठाण मुख्य संपादक वर्धा
हिंगणघाट - “बाभुलकर ने अपने संपूर्ण सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। न्यायालयीन प्रशासन को सुचारू रूप से चलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके शांत, संयमी और सहयोगी स्वभाव के कारण वे सभी के प्रिय बने रहे।”
ऐसे उद्गार जिला न्यायाधीश-१ वर्षा बा. पारगांवकर ने व्यक्त किए। वे दीवानी न्यायालय वरिष्ठ स्तर के सेवानिवृत्त अधीक्षक रविंद्र बाभुलकर के सेवा निवृत्ति के निमित्त आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में बोल रही थीं।
तसे ही उन्होंने आगे यह भी कहा कि, “ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारियों के कारण कोई भी संस्था समृद्ध होती है। वे संस्था की अमूल्य संपत्ति होते हैं।”
स्थानीय वरिष्ठ स्तर के दीवानी न्यायालय में अधीक्षक पद पर कार्यरत रहे मा. श्री रविंद्र बाभुलकर का सेवामुक्ति का प्रसंग अत्यंत भावनात्मक एवं स्मरणीय वातावरण में मनाया गया।
मा. श्री बाभुलकर की नियुक्ति दिनांक ०१/०९/१९९४ को कनिष्ठ लिपिक के रूप में हुई थी। लगभग ३२ वर्षों के दीर्घ सेवाकाल में उन्होंने वर्धा जिले के विभिन्न न्यायालयों में अत्यंत ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता से कार्य किया। उनकी अनुशासित कार्यप्रणाली तथा कार्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने न्यायमूर्ति, वकील वर्ग तथा पक्षकारों के मन में विशेष स्थान निर्मित किया है।
इस निमित्त लीगल कल्चरल क्लब, हिंगणघाट शाखा की ओर से विदाई समारोह एवं सत्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मा. जिला न्यायाधीश-१ श्रीमती वर्षा बा. पारगांवकर के हस्ते श्री बाभुलकर को सम्मानपत्र, शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मा. जिला न्यायाधीश-२ श्री धनराज वाय. काले, मा. दीवानी न्यायाधीश वरिष्ठ स्तर श्री सैयद हसन, मा. दीवानी न्यायाधीश कनिष्ठ स्तर श्री गवई, अधिवक्ता संघ के सचिव एड. विजयेंद्र ढेकले, लीगल कल्चरल क्लब के शाखाध्यक्ष एड. इब्राहिम बख्श, सचिव एड. अस्मिता मुंगल खानेकर, एड. वर्षा नंदेश्वर, एड. गणवीर, एड. कुणाल दुर्गे, सहायक अधीक्षिका दुर्गे मैडम तथा न्यायालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं अधिवक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं संचालन एड. इब्राहिम बख्श ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संदीप डोंगरे ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिवानी पंडित ने विशेष परिश्रम किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी मान्यवरों ने श्री बाभुलकर की सेवाभावी वृत्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख एवं सफलता की शुभकामनाएं दीं।