राष्ट्रीय कवि संगम की तृतीय बैठक संपन्न,नागपुर में कवि सम्मेलन आयोजित करने पर मंथन

Sun 11-Oct-2026,10:31 PM IST -07:00
Beach Activities

राष्ट्रीय कवि संगम की तृतीय बैठक संपन्न,नागपुर में कवि सम्मेलन आयोजित करने पर मंथन

नन्ही प्रतिभाओं को भी मिलेगा काव्य मंच, 

स्व. जगदीश मित्तल के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प

नावेद पठाण, मुख्य संपादक वर्धा 

नागपुर, 11 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय कवि संगम, नागपुर शाखा की तृतीय बैठक नागपुर शहर की अध्यक्षा डॉ. वसुन्धरा राय के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय कवि संगम के माध्यम से स्व. जगदीश मित्तल के स्वप्न को साकार करने तथा उनके विचारों को निरंतर गतिमान बनाए रखने के उद्देश्य से गंभीर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नागपुर में कवि सम्मेलन आयोजित करने तथा नवोदित कवियों और साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

बैठक में बिजनेसमैन एवं बीसीआई प्रमुख तथा राष्ट्रीय क्षत्रिय महासभा, महाराष्ट्र के अध्यक्ष श्री पंकज सिंह ने आयोजन की रूपरेखा पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, बिजनेसमैन श्री अरविंद सिंह राजपूत ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने की बात कही।

नागपुर के सुप्रसिद्ध कवि श्री सतीश लोखटिया ने प्रस्तावित कवि सम्मेलन के संयोजन एवं आयोजन को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वरिष्ठ अधिवक्ता श्री इब्राहिम बख़्श ने भी बैठक में कवि सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को नागपुर में साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने तथा कवियों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि राष्ट्रीय कवि संगम के माध्यम से नागपुर में ऐसा साहित्यिक वातावरण तैयार किया जाए, जिसमें अनुभवी एवं प्रतिष्ठित साहित्यकारों के साथ-साथ नवोदित कवियों और नन्ही साहित्यिक प्रतिभाओं को भी अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिले। आशा व्यक्त की गई कि आगामी समय में नागपुर में कवि सम्मेलन के आयोजन से साहित्यिक गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होगी।

राष्ट्रीय कवि संगम की नागपुर शहर अध्यक्षा डॉ. वसुन्धरा राय ने संगठन के पदाधिकारियों की घोषणा शीघ्र किए जाने की संभावना भी व्यक्त की। बैठक में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी श्री प्रभात तिवारी, कवयित्री श्रीमती सरिता सरोज, मशहूर शायर श्री शादाब, साहित्यकार श्री अभय पांडे तथा संयोजक-आयोजक श्रीमती मंजु कारमोरे ने अपने-अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। सभी वक्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा साहित्यिक आयोजनों को सफल बनाने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया।

बैठक का समापन श्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी सुधीजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक में प्राप्त सकारात्मक सुझावों और विचारों को संगठन की भावी गतिविधियों के लिए प्रेरणादायी बताया।