खस्ताहाल सड़क से बढ़ा खतरा, AIMIM का 3 दिन का अल्टीमेटम
खस्ताहाल सड़क से बढ़ा खतरा, AIMIM का 3 दिन का अल्टीमेटम
वर्धा. युसूफ पठाण
वर्धा शहर के शिवनगर से डॉ. जाकिर हुसैन कॉलोनी तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे और जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा बन चुका है। आए दिन छोटे-बड़े हादसे होने से लोगों में डर का माहौल है।
इस गंभीर समस्या को लेकर आज ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पार्टी की ओर से नगर परिषद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में संबंधित मार्ग के गड्ढों की तत्काल मरम्मत करने की मांग की गई है।
तीव्र आंदोलन की चेतावनी
AIMIM ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आगामी 3 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो पार्टी की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से मांग की गई है कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त किया जाए।