वर्धा के इतवारा फ्रूट मार्केट में भीषण आग, चार दुकानें राख
वर्धा के इतवारा फ्रूट मार्केट में भीषण आग, चार दुकानें राख
प्रतिनिधि युसूफ पठाण वर्धा
वर्धा: शहर के व्यस्त इतवारा फ्रूट मार्केट क्षेत्र में आज तड़के एक भीषण आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में चार दुकानों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे अचानक मार्केट में आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग इतनी भयानक थी कि पूरे क्षेत्र में धुएं के गुबार छा गए और अफरा-तफरी मच गई।
इस आगजनी में जिन व्यापारियों को प्रमुख रूप से नुकसान हुआ है, उनमें छमू शेख, रवि चावरे, शकील रिजवी, हरीश केवढे के साथ शेख शोएब (भंगार व्यापारी) शामिल हैं। जली हुई दुकानों में फल, भंगार (कबाड़ी) और मसाले की दुकानें शामिल बताई जा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, घटना के समय वर्धा नगर परिषद की अग्निशामक गाड़ी तत्काल उपलब्ध नहीं थी। फ्रूट व्यापारी नौशाद रशीद खान ने नगर परिषद से संपर्क किया, जहां से उन्हें बताया गया कि अग्निशामक वाहन इजापुर स्थित डम्पिंग यार्ड में है। इसके बाद व्यापारी स्वयं वहां से गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे।
अग्निशामक दल के पहुंचने से पहले स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने बोरवेल आदि के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में मौके पर पहुंची दो अग्निशामक गाड़ियों (एक सेलू और एक वर्धा) ने आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही एमएसईबी की टीम भी मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस दौरान इतवारा बाजार के नगरसेवक अभिजीत त्रिवेदी, परवेज खान, इमरान कैसर, मलिक, अब्दुल रफिक, किशोर खेरखार, सोनू कांबळे, कमर अली, शुभम सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।