दत्ता मेघे हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत थे : सुनील राऊत ओ. पी. नैयर फैंस क्लब द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित

Thu 26-Mar-2026,02:31 AM IST -07:00
Beach Activities

दत्ता मेघे हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत थे : सुनील राऊत

ओ. पी. नैयर फैंस क्लब द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित

नावेद पठाण मुख्य संपादक वर्धा 

वर्धा :विदर्भ के वरिष्ठ नेता, शिक्षामहर्षि एवं समाजसेवक दत्ता मेघे के आकस्मिक निधन से वर्धा सहित पूरे विदर्भ क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया। दत्ता मेघे केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत थे, ऐसा मत जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष तथा ओ. पी. नैयर फैंस क्लब के सदस्य सुनील राऊत ने व्यक्त किया।

वे 24 मार्च को ओ. पी. नैयर फैंस क्लब द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

दत्ता मेघे अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, दूरदृष्टि और लोकसेवा के प्रति गहरे समर्पण के कारण वर्धा तथा विदर्भ की जनता के मन में एक आत्मीय व्यक्तित्व के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से वर्धावासियों को गहरा आघात पहुंचा है और ऐसा प्रतीत होता है मानो एक मजबूत सहारा छिन गया हो। यह भावना एड. विजय सिंह ठाकुर, किशोर मिटकरी, प्रा. शिवाजी इथापे, मनोहर पंचारिया, इमरान राही, विलास कुलकर्णी और नाना पहाड़े ने व्यक्त की।

ओ. पी. नैयर फैंस क्लब के सदस्यों ने स्वर्गीय दत्ता मेघे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शैक्षणिक, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कार्यों को नमन किया। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने उनके दानशील स्वभाव और लोकसेवा की भावना को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखा।

कार्यक्रम का संचालन ओ. पी. नैयर फैंस क्लब के सचिव मोहन मोहिते ने किया। श्रद्धांजलि सभा में क्लब के सदस्य प्रकाश रायटर, रमेश कोंबे, यज्ञेश्वर मेंढे, एड. सुरेश श्रीरंगवार, हरीश तांदळे, राजू लभाणे, गंगाधर नागपुरकर, किशोर ठाकुर सहित अनेक स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से वर्धा की जनता ने दत्ता मेघे की स्मृतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।