धोखाधड़ी व जबरन वसूली का आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार रुपये का माल बरामद

Thu 26-Mar-2026,05:19 AM IST -07:00
Beach Activities

धोखाधड़ी व जबरन वसूली का आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार रुपये का माल बरामद

वर्धा | प्रतिनिधि – यूसूफ पठाण

वर्धा पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा तथा सेलू पुलिस स्टेशन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी और जबरन वसूली के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 80 हजार रुपये का माल बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता श्रीमती यास्मीन जुनैद खान पठान (28), निवासी सेलू, जिला वर्धा ने सेलू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर आया और रेत देने के बहाने 8 हजार रुपये में सौदा तय किया।

आरोपी ने चालाकी से शिकायतकर्ता के पिता को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से दूर ले जाकर छोड़ दिया और स्वयं वापस घर आ गया। इसके बाद उसने पैसे देने के बहाने शिकायतकर्ता के पास रखे 50 हजार रुपये जबरन छीन लिए और मौके से फरार हो गया।

इस प्रकरण में भारतीय दंड संहिता 2023 की धारा 318(2) और 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान स्थानीय अपराध शाखा वर्धा को गुप्त सूचना एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान शेख फिरोज शेख अहमद (55), निवासी मिसरवाड़ी, संभाजीनगर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे वर्धा जिले के ऐलकेली क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 20 हजार रुपये नकद, होंडा शाइन मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 80 हजार रुपये का माल बरामद हुआ है।

आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सेलू पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल तथा सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा की टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई।