वर्धा में इज्तिमाई निकाह का भव्य आयोजन, 11 जोड़े बंधे पवित्र रिश्ते में

Sun 29-Mar-2026,08:51 PM IST -07:00
Beach Activities

वर्धा में इज्तिमाई निकाह का भव्य आयोजन, 11 जोड़े बंधे पवित्र रिश्ते में

वर्धा | प्रतिनिधि : युसूफ पठाण

वर्धा शहर में पहली बार बड़े स्तर पर इज्तिमाई निकाह (सामूहिक विवाह समारोह) का भव्य एवं अनुकरणीय आयोजन किया गया, जिसमें कुल 11 जोड़े निकाह के पवित्र बंधन में बंधे। इस आयोजन का सफल संचालन शहीद इमरान खान स्मृति सेवा बहुउद्देशीय शिक्षण व प्रशिक्षण संस्था, वर्धा द्वारा किया गया।

संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा प्रदान करते हुए सादगीपूर्ण और शरई तरीके से निकाह सम्पन्न कराना रहा। इस सराहनीय पहल की शहरभर में प्रशंसा हो रही है।

यह कार्यक्रम रविवार, 29 मार्च 2026 को तुर्क लॉन, दयाल नगर, देवली रोड, वर्धा में नमाज-ए-असर के बाद आयोजित किया गया। पूरे आयोजन को सादगी, अनुशासन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ सम्पन्न किया गया, जिससे मेहमानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नवदंपतियों को उपयोगी उपहार

इस अवसर पर संस्था की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई। इसमें कुरान पाक, जानमाज़, बर्तन, फर्नीचर, किचन सामग्री, स्टील के बर्तन, डिनर सेट, गैस चूल्हा, सूटकेस, ड्रेसिंग सामग्री सहित अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल रहीं। साथ ही नवदंपतियों के रहने की भी विशेष व्यवस्था की गई।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में वर्धा के खासदार Amar Kale तथा वर्धा नगर परिषद के नगराध्यक्ष Sudhir Pangul की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए संस्था के सामाजिक कार्य की सराहना की।

बेहतरीन इंतजाम और मेहमाननवाज़ी

आयोजन समिति द्वारा मेहमानों के स्वागत और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। निकाह के बाद हाफिज़ों का इस्तकबाल किया गया और सभी मेहमानों के लिए भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई। बाहर से आए मेहमानों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।

यह इज्तिमाई निकाह सामाजिक एकता और सहयोग का प्रतीक बना, वहीं जरूरतमंद परिवारों के लिए यह आयोजन खुशी और राहत का बड़ा अवसर साबित हुआ।