बॉक्सिंग आत्मविश्वास का खेल है : हास्य अभिनेता सुनील पॉल
बॉक्सिंग आत्मविश्वास का खेल है : हास्य अभिनेता सुनील पॉल
हिंगणघाट में बॉक्सिंग खिलाड़ियों का सम्मान समारोह सम्पन्न
नावेद पठाण मुख्य संपादक वर्धा
आत्मविश्वास का निर्माण जीवन में बेहद आवश्यक है। बॉक्सिंग जैसे खेल से आत्मविश्वास बढ़ता है और उसी आत्मविश्वास के बल पर असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। यह विचार प्रसिद्ध हास्य अभिनेता Sunil Pal ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बचपन से ही लड़के-लड़कियों में आत्मनिर्भरता और साहस की भावना विकसित होना जरूरी है।
वे हिंगणघाट स्थित मोहता स्कूल के प्रांगण में बी.सी.सी. स्पोर्टिंग क्लब, हिंगणघाट शहर द्वारा आयोजित बॉक्सिंग खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर यूनिवर्सल मार्शल आर्ट स्पोर्ट्स अकादमी के राष्ट्रीय सलाहकार इमरान राही, कोषाध्यक्ष उल्हास वाघ, एड. इब्राहीम बख्श आज़ाद, विक्रांत गव्हाने, कदीर बख्श तथा बी.सी.सी. स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष नदीम शेख सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम में इमरान राही ने कहा कि बॉक्सिंग ओलंपिक खेलों का एक प्रमुख खेल है और आज के समय में साहस तथा आत्मबल बढ़ाने वाले खेलों की समाज में विशेष आवश्यकता है। वहीं नदीम शेख ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों को कम से कम दो-तीन महीने बॉक्सिंग का प्रशिक्षण अवश्य दिलाना चाहिए।
इस अवसर पर अतिथियों के हाथों हिंगणघाट शहर के बॉक्सिंग खिलाड़ी कु. तेजस्विनी निमसारकर, सोहम विनोद जनबंधु, परवेज महेफुज अली, अंतरा सिद्धार्थ मून, प्रांजली राजू डंभारे, वरुण राजू गंधे और अफसाना जुबेर शेख को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उल्हास वाघ ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।