एड. इब्राहिम हबीब बख्श को राष्ट्रीय समाज रत्न पुरस्कार-2026 से किया जाएगा सम्मानित
एड. इब्राहिम हबीब बख्श को राष्ट्रीय समाज रत्न पुरस्कार-2026 से किया जाएगा सम्मानित
नावेद पठाण मुख्य संपादक वर्धा
हिंगणघाट:शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता, कवि, उत्कृष्ट मंच संचालक एवं सामाजिक कार्यकर्ता एड. इब्राहिम हबीब बख्श को उनके उल्लेखनीय सामाजिक, मानवाधिकार एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए प्रतिष्ठित “राष्ट्रीय समाज रत्न पुरस्कार-2026” से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है. यह पुरस्कार एकता सेवाभावी संस्था, परभणी, महाराष्ट्र द्वारा प्रदान किया जा रहा है.
संस्था द्वारा जारी पत्र के अनुसार एड. इब्राहिम हबीब बख्श ने मानव अधिकारों की रक्षा, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है. उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए संस्था ने उन्हें वर्ष 2026 के राष्ट्रीय समाज रत्न पुरस्कार के लिए चयनित किया है.
यह सम्मान समारोह 10 जून 2026, बुधवार को मराठी पत्रकार भवन, मुंबई में आयोजित किया गया है. इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मेघनाताई बोर्डीकर, राज्यसभा सदस्य रामराव वडकुते तथा शिक्षक मतदारसंघ के प्रतिनिधि विक्रम काळे सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी.
एड. इब्राहिम हबीब बख्श लंबे समय से विधि व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक, शैक्षणिक एवं मानवाधिकार संबंधी गतिविधियों में सक्रिय हैं. वे समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने, सामाजिक सौहार्द एवं जनजागृति के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं. इसके अतिरिक्त वे साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से भी जुड़े हुए हैं.
इससे पूर्व भी उन्हें भारत सरकार के ज़िला युवा पुरस्कार, उत्कृष्ट मंच संचालक अवार्ड, गांधी सेवा पुरस्कार सहित अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है.
उल्लेखनीय है कि एड. इब्राहिम हबीब बख्श का जन्म 15 अगस्त 1976 को हिंगणघाट में हुआ. साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आगे बढ़ते हुए उन्होंने विधि क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित की तथा समाज सेवा के माध्यम से क्षेत्र में विशेष सम्मान अर्जित किया है. उनके इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान से हिंगणघाट एवं संपूर्ण वर्धा जिले में खुशी का माहौल है. विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं विधि क्षेत्र की संस्थाओं तथा नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.