आवारा कुत्तों पर कार्रवाई और अतिक्रमण रोकने की मांग

Sun 11-Oct-2026,10:49 PM IST -07:00
Beach Activities

आवारा कुत्तों पर कार्रवाई और अतिक्रमण रोकने की मांग

AIMIM ने पुलगांव नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन; गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी का उठाया मुद्दा

नावेद पठाण | मुख्य संपादक, वर्धा

पुलगांव : शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित छोटे दुकानदारों की समस्याओं को लेकर AIMIM ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। 9 अक्टूबर को AIMIM पुलगांव शहर अध्यक्ष वसीम उर्फ बबलू शेख के नेतृत्व में शहर कमेटी ने नगर परिषद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि पुलगांव शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से नागरिकों में भय का माहौल है। विशेष रूप से छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। कुत्तों के काटने और राहगीरों के पीछे दौड़ने की घटनाओं को देखते हुए AIMIM ने नगर परिषद से आवारा कुत्तों के टीकाकरण, नसबंदी और उचित प्रबंधन के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की।

वहीं, शहर में जारी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से फुटपाथ पर छोटी दुकानें लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले दुकानदारों की आजीविका प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया गया। AIMIM ने गरीब दुकानदारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कुछ समय के लिए स्थगित करने की मांग की है।

AIMIM शहर अध्यक्ष वसीम उर्फ बबलू शेख ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी की रक्षा करना भी आवश्यक है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से दोनों समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द उचित कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर AIMIM पुलगांव शहर कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।