प्रभाग 18 में आवारा कुत्तों का आतंक; निवेदन के बाद भी प्रशासन निष्क्रिय, आंदोलन की चेतावनी

Sun 26-Apr-2026,01:01 AM IST -07:00
Beach Activities

प्रभाग 18 में आवारा कुत्तों का आतंक; निवेदन के बाद भी प्रशासन निष्क्रिय, आंदोलन की चेतावनी

 

वर्धा तालुका प्रतिनिधि – इरशाद शहा

 

वर्धा, प्रभाग क्रमांक 18 में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। इस गंभीर मुद्दे पर प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ अब आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्रीकांत दोड के मार्गदर्शन में तथा जिल्हा सहसचिव खालिद खान के नेतृत्व में नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 15 फरवरी 2026 को संबंधित नगरसेवक को एक औपचारिक निवेदन सौंपा गया था। निवेदन में प्रभाग 18 और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या पर चिंता जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी।

क्षेत्र में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे नागरिकों—विशेषकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों—की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। कई स्थानों पर कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है, क्योंकि यहां दो स्कूल, एक डी.एड. कॉलेज, मस्जिद और मंदिर स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महिलाएं और नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में यह समस्या और भी गंभीर रूप ले चुकी है।

दुर्भाग्यवश, निवेदन दिए जाने के दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक नगरसेवक और संबंधित प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का कर्तव्य है कि वे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और ऐसी गंभीर समस्याओं का समय रहते समाधान करें। बार-बार ध्यान आकर्षित करने के बावजूद भी यदि कार्रवाई नहीं होती है, तो इसे जनहित की अनदेखी माना जाएगा।

अतः पुनः नगरसेवक और नगर पालिका प्रशासन से मांग की गई है कि इस समस्या पर तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं, अन्यथा नागरिकों को अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।