एचएससी बोर्ड में जी.एस. कॉलेज का जलवा: मेरिट लिस्ट में चमके छात्र, 95.83% के साथ मानसी वालके बनीं जिला द्वितीय

Mon 04-May-2026,04:05 AM IST -07:00
Beach Activities

एचएससी बोर्ड में जी.एस. कॉलेज का जलवा: मेरिट लिस्ट में चमके छात्र, 95.83% के साथ मानसी वालके बनीं जिला द्वितीय

 

प्रतिनिधि युसूफ पठाण वर्धा 

 

 वर्धा 4 मई 2026 वाणिज्य शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी माने जाने वाले जी.एस. कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने एचएससी बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल कर एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता साबित की है। 85 वर्षों की गौरवशाली परंपरा और एसक्यूएएएफ ए+ ग्रेड से सम्मानित यह संस्थान लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

इस वर्ष कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले की मेरिट सूची में अपना दबदबा कायम रखा। मानसी अरविंद वालके ने 95.83% अंकों के साथ जिला द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पलक जीवन पत्रकार ने 94.83% अंकों के साथ जिला तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं पीयूष मानकर ने 94.50% अंक प्राप्त कर शीर्ष विद्यार्थियों में स्थान बनाया।

विशेष उपलब्धि के रूप में मानसी वालके ने अर्थशास्त्र में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जबकि नवीन थेथे ने लेखांकन विषय में 100/100 अंक हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

महाविद्यालय के कुल 19 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर संस्था के नाम एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ा। मराठी माध्यम की छात्रा गौरी वारकर ने 91.17% अंक प्राप्त कर यह सिद्ध किया कि सफलता भाषा पर नहीं, बल्कि मेहनत और लगन पर निर्भर करती है।

उल्लेखनीय है कि मानसी वालके, पीयूष मानकर एवं गौरी वारकर वर्तमान में सीए फाउंडेशन कोर्स कर रहे हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह सफलता नियमित उपचारात्मक कक्षाओं, सतत मूल्यांकन, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज में सेमिनार, एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद एवं प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन जैसी विविध सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।

इस शानदार सफलता पर प्राचार्या डॉ. अरुंधती निनावे, कैप्टन प्रवीण ठाकरे, डॉ. अमोल कछवाह, प्रा. गौतम तथा शिक्षा मंडल सभापति संजय भार्गव सहित समस्त प्राध्यापकगण ने सफल विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति करते रहने और जीवन में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।