लासनपुर में ‘संवाद पहल’ का सफल आयोजन; पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने नागरिकों से किया सीधा संवाद

Fri 08-May-2026,12:30 AM IST -07:00
Beach Activities

लासनपुर में ‘संवाद पहल’ का सफल आयोजन; पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने नागरिकों से किया सीधा संवाद

विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं

वर्धा | प्रतिनिधि इरशाद शाह 

वर्धा जिला पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस और जनता के बीच समन्वय बढ़ाने तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘संवाद’ उपक्रम के तहत 7 मई 2026 को समुद्रपुर तालुका अंतर्गत मौजा लासनपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्धा के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सुबह 10 बजे से 11:45 बजे तक चले इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के साथ-साथ राजस्व, पंचायत समिति, स्वास्थ्य, कृषि, विद्युत, वन विभाग तथा अन्य प्रशासनिक विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को एक ही मंच पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ-साथ अन्य शासकीय विभागों से संबंधित शिकायतों की जानकारी लेकर समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही अपराध रोकथाम के लिए पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक माह कम से कम चार गांवों में संवाद सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सभाओं में ग्राम सेवक, तलाठी, पुलिस पाटिल तथा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों को साइबर अपराध, डायल 112 सेवा, महिला सुरक्षा, नए कानून तथा प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन जैसे विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समुद्रपुर पुलिस द्वारा तकनीकी जांच के माध्यम से खोजे गए गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाना रहा। पुलिस अधीक्षक के हाथों मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपविभागीय पुलिस अधिकारी (हिंगणघाट) सुशील कुमार नायक, समुद्रपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा लासनपुर क्षेत्र के करीब 250 से 300 नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।