भुगांव टी-पॉइंट से हिंगणघाट मार्ग तक स्ट्रीट लाइट बंद, बढ़ रहा सड़क हादसों का खतरा

Thu 21-May-2026,06:18 AM IST -07:00
Beach Activities

भुगांव टी-पॉइंट से हिंगणघाट मार्ग तक स्ट्रीट लाइट बंद, बढ़ रहा सड़क हादसों का खतरा

वर्धा | प्रतिनिधि : अथर शेख

वर्धा : भुगांव टी-पॉइंट से हिंगणघाट मार्ग तक कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रात के समय पूरा मार्ग अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी समस्या के चलते वायगांव से भुगांव टी-पॉइंट के बीच एक सड़क हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल की “लाल परी” बस क्रमांक MH40 AQ 6351 (चंद्रपुर-वर्धा) तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। बस की पार्किंग लाइट चालू होने के बावजूद मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से पीछे से आ रहे ई-रिक्शा चालक को बस दिखाई नहीं दी और उसने बस को पीछे से टक्कर मार दी।

दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा का क्रमांक MH32 AJ 4572 बताया जा रहा है।

हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ई-रिक्शा चालक घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भुगांव टी-पॉइंट से हिंगणघाट तक लंबे समय से कई स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस मार्ग पर तत्काल नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाए तथा बंद पड़ी लाइटों को शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में होने वाले गंभीर हादसों को रोका जा सके।