वर्धा कांग्रेस में बड़ी हलचल — जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर गुटबाजी के आरोप, शिकायत पहुंचेगी दिल्ली तक

Fri 22-May-2026,06:37 AM IST -07:00
Beach Activities

वर्धा कांग्रेस में बड़ी हलचल — जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर गुटबाजी के आरोप, शिकायत पहुंचेगी दिल्ली तक

प्रतिनिधि : अतहर शेख

वर्धा जिला कांग्रेस में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पार्टी के भीतर की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। जिलाध्यक्ष बदलने के बाद कांग्रेस में गुटबाजी, संगठनात्मक मतभेद और कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है।

विभिन्न समाचार चैनलों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं में “संगठन मजबूत या संगठन विसर्जन?” जैसे सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी की निर्णय प्रक्रिया पर नाराजगी व्यक्त की है।

पूर्व नगराध्यक्ष शेखर प्रमोद शेंडे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड की विधायक श्वेता सिंह पर्यवेक्षक के रूप में वर्धा जिले में आई थीं। उन्होंने जिले के 12 तहसीलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से चर्चा की थी। सर्वे के आधार पर उन्हें जिलाध्यक्ष पद का मजबूत दावेदार बताया गया था।

हालांकि बाद में सुनील खोले को जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। इस निर्णय के बाद कांग्रेस में गुटबाजी बढ़ने का आरोप शेंडे ने लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि वे दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी बात रखेंगे और इस संबंध में आधिकारिक शिकायत करेंगे।

शेखर शेंडे ने आगे कहा,

“एक समय वर्धा जिले में कांग्रेस के 4 विधायक और 1 सांसद थे, लेकिन अब कमजोर संगठन, अंदरूनी मतभेद और घटती वोट बैंक के कारण जिले में कांग्रेस का न विधायक बचा है और न ही सांसद।”

इस बयान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में असमंजस और नाराजगी का माहौल देखने को मिल रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इन घटनाक्रमों का आगामी स्थानीय राजनीति पर बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।