AIMIM कार्यकर्ताओं ने नगराध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, नाले की सफाई और ढक्कन लगाने की मांग

Tue 09-Jun-2026,04:49 AM IST -07:00
Beach Activities

AIMIM कार्यकर्ताओं ने नगराध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, नाले की सफाई और ढक्कन लगाने की मांग

प्रतिनिधि : नदीम शेख

हिंगनघाट : शहर के प्रभाग क्रमांक 11 स्थित निशानपुरा वार्ड की विभिन्न समस्याओं को लेकर AIMIM कार्यकर्ताओं ने नगराध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड में निर्मित नाले की चौड़ाई काफी अधिक है तथा इसकी गहराई लगभग चार फीट है। नाले की अधिक गहराई के कारण छोटे बच्चों और पशुओं के गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। इसके अलावा नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार संबंधित नगरसेवकों को इस समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नाले की सफाई नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में उसमें कचरा जमा हो जाता है, जिससे पानी की निकासी बाधित होती है और नाला पूरी तरह जाम हो जाता है।

AIMIM कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नाले की गहराई अधिक होने के कारण किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। विशेषकर बारिश के दौरान पानी का बहाव तेज होने पर बच्चों एवं नागरिकों की जान को खतरा उत्पन्न हो सकता है।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नाले को सुरक्षा की दृष्टि से ऊपर से ढक्कन लगाकर ढका जाए तथा वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले उसकी संपूर्ण सफाई कराई जाए।

ज्ञापन सौंपते समय AIMIM के फारूक शेख, रिजवान शेख, मलिक यासीन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।