बारिश से पहले जागे जनप्रतिनिधि, रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव रोकने की उठाई आवाज

Fri 12-Jun-2026,09:39 PM IST -07:00
Beach Activities

बारिश से पहले जागे जनप्रतिनिधि, रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव रोकने की उठाई आवाज

वर्धा प्रतिनिधि : युसूफ पठाण

वर्धा। मानसून के आगमन से पहले शहर में संभावित जलभराव की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। प्रभाग क्रमांक 19 के गटनेता एवं नगरसेवक परवेज हसन खान तथा नगरसेविका अर्चना सोमवंशी ने रेलवे अंडरब्रिज में हर वर्ष होने वाले जलभराव के मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए मध्य रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने मध्य रेलवे, वर्धा के सहायक मंडल अभियंता को दिए गए ज्ञापन में अंडरब्रिज के जल निकासी चेंबर में जमा गाद, मिट्टी और कचरे को तत्काल हटाने, बंद पड़ी नालियों की सफाई एवं मरम्मत कराने तथा बारिश शुरू होने से पहले आवश्यक उपाय करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रत्येक वर्ष बरसात के दौरान रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर जाने से नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है और कई बार लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। यदि समय रहते सफाई और मरम्मत का कार्य नहीं किया गया तो इस वर्ष भी स्थिति गंभीर हो सकती है।

जनप्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन से नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए युद्धस्तर पर सफाई एवं मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके और किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

इस अवसर पर समाजसेवी सुनील सोमवंशी, जावेद पठान, निहाल गुजर, जुबेर शेख सहित क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में समस्या के त्वरित समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।