प्रभाग 17 की जनसमस्याओं को लेकर अतहर शेख ने नगराध्यक्ष एवं मुख्याधिकारी को सौंपा निवेदन
प्रभाग 17 की जनसमस्याओं को लेकर अतहर शेख ने नगराध्यक्ष एवं मुख्याधिकारी को सौंपा निवेदन
वर्धा | नावेद पठाण
वर्धा वर्धा : प्रभाग क्रमांक 17 की विभिन्न नागरिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अतहर शेख ने नगर परिषद वर्धा के नगराध्यक्ष सुधीर भाऊरावजी पांगुल एवं मुख्याधिकारी को विस्तृत निवेदन सौंपा। निवेदन में क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया है।
अतहर शेख ने प्रभाग की जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत करने, नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र शुरू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि खराब सड़कें और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के कारण क्षेत्र के नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
निवेदन में प्रभाग क्रमांक 17 स्थित दुर्गा माता मंदिर, नूरी मस्जिद, दत्ता मंदिर, बुद्ध विहार सहित अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सौंदर्यीकरण किए जाने की मांग भी की गई है। इसके अंतर्गत साफ-सफाई, पेवर ब्लॉक निर्माण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, वृक्षारोपण, बैठने की सुविधा तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
इसके अलावा धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास विकास कार्यों के दौरान निकाले गए पेवर ब्लॉकों को पुनः लगाने तथा जल निकासी व्यवस्था में सुधार करने की मांग भी निवेदन में शामिल है।
अतहर शेख ने कहा कि प्रभाग क्रमांक 17 के नागरिक लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं। यदि नगर परिषद द्वारा शीघ्र कार्रवाई की जाती है तो क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने नगराध्यक्ष एवं मुख्याधिकारी से जनहित को प्राथमिकता देते हुए उक्त मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक कार्यवाही करने की अपेक्षा व्यक्त की है।