अमृत योजना 2.0 का अधूरा काम बना जनता के लिए मुसीबत

Thu 18-Jun-2026,06:02 AM IST -07:00
Beach Activities

अमृत योजना 2.0 का अधूरा काम बना जनता के लिए मुसीबत

जनप्रतिनिधियों ने मुख्याधिकारी को सौंपा शिकायत पत्र, कार्रवाई की मांग

वर्धा | प्रतिनिधि : अतहर शेख

वर्धा नगर परिषद क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 18 में अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत शुरू किया गया सड़क निर्माण कार्य पिछले डेढ़ वर्ष से अधूरा पड़ा होने के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर नगरसेवक नदीम अतहर अब्दुल सत्तार (रिंकू) एवं नगरसेविका अश्विनी खोड़े ने मुख्याधिकारी, नगर परिषद वर्धा को शिकायत पत्र सौंपकर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, अमृत योजना 2.0 के तहत सड़क निर्माण के लिए लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व सड़क खोदी गई थी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। इसके चलते क्षेत्र के नागरिकों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है, वहीं गर्मी और तेज हवाओं के दौरान उड़ने वाली धूल से नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अधूरी सड़क के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कई बार निर्माण कार्य लगातार 7 से 8 दिनों तक बंद रखा गया। साथ ही कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया को लेकर भी नागरिकों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।

जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार की तत्काल जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर नागरिकों को राहत प्रदान की जाए।

इस संबंध में नगरसेवक नदीम अतहर अब्दुल सत्तार (रिंकू) एवं नगरसेविका अश्विनी खोड़े ने कहा कि, "जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। डेढ़ साल से अधूरा पड़ा यह कार्य नागरिकों के साथ अन्याय है। दोषियों पर कार्रवाई कर निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराया जाना चाहिए।"

इस बीच नागरिकों ने भी सवाल उठाया है कि विकास के नाम पर शुरू की गई योजना का लाभ लोगों तक कब पहुंचेगा और अधूरे कार्य के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।