पुलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब निर्माण पर छापा, ₹14.16 लाख का माल जब्त
पुलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब निर्माण पर छापा, ₹14.16 लाख का माल जब्त
पुलगांव | प्रतिनिधि : युसुफ पठाण
जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री विरोधी अभियान के तहत 14 जुलाई 2026 को पुलगांव पुलिस ने थाना क्षेत्र के वाइफल पारधी बेड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब निर्माण के अड्डों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने ₹14 लाख 16 हजार 500 मूल्य का अवैध शराब एवं शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में चरण सिंह उर्फ कल्या भोसले, सरनेन सिंह चव्हाण, अंजित चव्हाण, वर्षा भोसले तथा चानही (सभी निवासी वाइफल पारधी बेड़ा) के घरों के समीप से कच्चा महुआ रसायन, सड़वा, सड़वा तैयार करने की सामग्री, महुआ सड़वा, तैयार गावठी महुआ शराब, शराब निर्माण के उपकरण, प्लास्टिक एवं लोहे के ड्रम सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
इस मामले में पुलगांव पुलिस थाना में महाराष्ट्र निषेध अधिनियम के तहत चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी महाडिक के नेतृत्व में संपन्न हुई।
कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, पुलगांव पुलिस निरीक्षक सदाशिव ढाकणे, पुलिस उपनिरीक्षक रामेश्वर राय, शहाजी घोड़के, विनोद वानखेड़े, गजभिये, सिनुकुमार बनोट सहित पुलगांव, अअल्लीपुर, स्थानीय अपराध शाखा वर्धा तथा दंगा नियंत्रण दल के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
छापेमारी के दौरान शराब निर्माण में उपयोग की जा रही जंगल की लकड़ी भी बरामद हुई। इसके बाद वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। वन विभाग ने लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर वन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।