वर्धा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली सोने के नाम पर 10 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

Thu 05-Feb-2026,10:53 PM IST -07:00
Beach Activities

वर्धा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली सोने के नाम पर 10 लाख की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

गुजरात और नागपुर से आरोपी गिरफ्तार, 8.44 लाख का माल जब्त

वर्धा।जिल्हा विशष प्रतिनिधि युसूफ पठाण

वर्धा पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नकली सोने के आभूषण असली बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गुजरात और नागपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल ₹8,44,899 मूल्य का माल जब्त किया है।

विश्वास जीतकर दिया धोखा

इस मामले में शिकायतकर्ता संजय अंबटकर (निवासी मांडगांव) की समुद्रपुर में कपड़ों की दुकान है। 20 जनवरी 2026 को एक महिला और दो पुरुष उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने स्वयं को आर्थिक तंगी में बताते हुए ‘पीली धातु’ (नकली सोने) के मोती दिखाए तथा जांच के लिए कुछ असली मोती भी दिए।

सुनार से जांच कराने पर मोती असली पाए गए, जिससे शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया गया।

इसके बाद आरोपियों ने 2 किलो सोने का सौदा ₹25 लाख में तय किया, जो बाद में ₹10 लाख में अंतिम रूप से तय हुआ। 21 जनवरी 2026 को वर्धा बस स्टैंड और रामदेव बाबा मंदिर परिसर के पास आरोपियों ने शिकायतकर्ता से ₹10 लाख नकद लेकर नकली धातु की माला थमा दी और फरार हो गए। बाद में जांच करने पर माला पूरी तरह नकली निकली।

तकनीकी जांच से खुली पोल

मामला दर्ज होते ही स्थानीय अपराध शाखा ने समानांतर जांच शुरू की। ठगी के दौरान आरोपियों में से एक की तस्वीर मोबाइल में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी मंगल अमर सोलंकी (निवासी अहमदाबाद, गुजरात) की पहचान की गई।

गुजरात से नागपुर तक बिछाया जाल

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में दो टीमें गठित कर गुजरात और नागपुर भेजी गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले चार महीनों से नागपुर के मानेवाड़ा क्षेत्र में किराए से रह रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया—

मंगल अमर सोलंकी (28) – निवासी अहमदाबाद, गुजरात (हाल मुकाम नागपुर)

राजकुमारी विष्णु पवार (54) – निवासी दिल्ली (हाल मुकाम नागपुर)

इस गिरोह का तीसरा आरोपी बबलू राजेश राठौड़ फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जब्त किया गया माल

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल ₹8,44,899 की संपत्ति जब्त की है, जिसमें शामिल हैं—

नकद राशि: ₹7,21,400

नकली सोना: 2 किलो वजन के दो हार (अनुमानित कीमत ₹20,000)

वाहन: होंडा डियो मोपेड (MH-49-BH-6190)

मोबाइल फोन: एंड्रॉइड व कीपैड फोन

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

यह सफल कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ कुमार अग्रवाल और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी तथा उनकी टीम—आशीष सिंह ठाकुर, विजय सिंह गोमलाडु, चंद्रकांत बुरांगे, सचिन इंगोले व अन्य पुलिसकर्मियों—द्वारा अंजाम दी गई।