वर्धा पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब पर ‘सफाई अभियान’, 1.80 करोड़ का माल जब्त

Tue 07-Apr-2026,09:47 PM IST -07:00
Beach Activities

वर्धा पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब पर ‘सफाई अभियान’, 1.80 करोड़ का माल जब्त

वर्धा. युसूफ पठाण

वर्धा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ वर्धा पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष ‘सफाई अभियान’ में बड़ी सफलता हासिल हुई है। 6 अप्रैल को चलाए गए इस व्यापक अभियान में कुल 108 मामले दर्ज किए गए, जबकि लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये मूल्य की शराब एवं संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पिछले कुछ दिनों से जिलेभर में निगरानी रखी जा रही थी। जानकारी के अनुसार, अवैध शराब का निर्माण बड़े पैमाने पर शहर के बाहरी इलाकों, गांवों के बाहर, जंगल किनारे और दुर्गम स्थानों पर किया जा रहा था। इसी के चलते पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में सुनियोजित कार्रवाई की गई।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के नेतृत्व में कुल 251 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। इसमें 4 उपविभागीय पुलिस अधिकारी, 19 थानेदार, स्थानीय अपराध शाखा एवं अन्य विशेष शाखाओं की टीमों को जिले के 19 पुलिस थानों में तैनात किया गया।

सुबह 4 बजे से एक साथ जिलेभर में छापेमारी की गई, जिससे अवैध शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई में कुल 110 आरोपियों के खिलाफ 108 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। साथ ही, नए कानून के तहत ‘ई-साक्षी’ एप्लिकेशन का उपयोग कर तकनीकी साक्ष्य भी एकत्र किए गए।

इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध शराब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आगे भी ऐसे सख्त अभियान जारी रहेंगे।