बजाज पुल के नीचे स्थित शिवाजी प्राथमिक केंद्र स्कूल बदहाल,जलभराव और मच्छरों के प्रकोप से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर संकट
बजाज पुल के नीचे स्थित शिवाजी प्राथमिक केंद्र स्कूल बदहालज,लभराव और मच्छरों के प्रकोप से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर संकट
वर्धा जिला विशेष प्रतिनिधि : युसुफ पठाण
वर्धा : स्टेशन फाइल (शिवाजी नगर) क्षेत्र में बजाज पुल के नीचे स्थित नगर परिषद संचालित शिवाजी प्राथमिक केंद्र स्कूल की हालत अत्यंत दयनीय बनी हुई है। वर्ष 1949 में स्थापित यह विद्यालय 1950 से वर्तमान भवन में संचालित हो रहा है, किंतु आज मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उपेक्षा का शिकार है।
विद्यालय में लगभग 80 से 100 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद परिसर में लंबे समय से गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार कई बार संबंधित प्रशासन को अवगत कराया गया, परंतु अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए।
स्कूल की पिछली दीवार के पास गंदे पानी की निकासी के लिए समुचित नाली व्यवस्था नहीं है। निकासी का मार्ग अवरुद्ध होने से पानी जमा रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा विद्यार्थियों पर मंडरा रहा है। अभिभावकों में भी इसे लेकर चिंता व्याप्त है।
नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि सरकारी विद्यालयों में ही स्वच्छता और सुरक्षा के बुनियादी प्रबंध नहीं होंगे, तो विद्यार्थियों को स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण कैसे मिलेगा?
जिले के पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर से मांग की गई है कि वे विद्यालय का तत्काल निरीक्षण कर सफाई, पक्की नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, मच्छरनाशक छिड़काव तथा भवन की आवश्यक मरम्मत के निर्देश संबंधित विभाग को दें।
अब यह देखना शेष है कि प्रशासन कब जागेगा और इन मासूम विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।