तपती धूप से वर्धा बेहाल: मार्च में ही पारा 40 पार, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा

Tue 10-Mar-2026,05:10 AM IST -07:00
Beach Activities

तपती धूप से वर्धा बेहाल: मार्च में ही पारा 40 पार, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा

वर्धा | युसूफ पठाण वर्धा 

विदर्भ क्षेत्र वैसे तो हर साल अपनी भीषण गर्मी और तपती धूप के लिए जाना जाता है, लेकिन इस वर्ष गर्मी ने मार्च महीने में ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। वर्धा जिले में तापमान का पारा अभी से 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है।

बढ़ती गर्मी और तेज धूप के कारण लोग सुबह जल्दी अपने जरूरी काम निपटा कर घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि शहर की मुख्य सड़कों पर दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक सन्नाटा पसरा नजर आता है। बहुत कम लोग ही बाहर दिखाई देते हैं।

जो लोग घर से बाहर निकलते हैं, वे भी दोपहिया वाहनों पर सफर करते समय चेहरे को दुपट्टे या कपड़े से ढककर धूप से बचाव करते नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर बढ़ती गर्मी के कारण ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री में भी तेजी देखी जा रही है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें, बिना जरूरत दोपहर में घर से बाहर न निकलें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। माना जा रहा है कि अप्रैल और मई के महीनों में गर्मी का असर और अधिक बढ़ सकता है।